पौड़ी में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, पहले दिन 29,250 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
पौड़ी। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को जनपद पौड़ी में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के 29,250 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई। जिला अस्पताल पौड़ी में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 50,404 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए 815 पोलियो बूथ, 23 ट्रांजिट बूथ और 8 मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है। वहीं, छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 1,630 घर-घर भ्रमण दल भी गठित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान में 3,260 वैक्सीनेटर, 1,010 आशा कार्यकर्ता, 1,539 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और 265 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। 29 और 30 जून को एनआईडी क्षेत्र तथा 29 जून से 4 जुलाई तक एसएनसीडी क्षेत्र में स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। दुगड्डा विकासखंड के भाबर, कालागढ़, लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, चिल्ला कुनाऊं और गंगाभोगपुर क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक सुरक्षा से वंचित न रहे।
