पौड़ी

थलीसैंण में पटवारी चौकी के सुधारीकरण कार्य का लोकार्पण, जल्लू संपर्क मार्ग का शिलान्यास

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने थलीसैंण में पटवारी चौकी के सुधारीकरण कार्य का लोकार्पण किया और जल्लू संपर्क मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य का शिलान्यास किया। करीब 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा।

थलीसैंण प्रवास के दौरान आयोजित ग्राम प्रहरियों की बैठक में डॉ. रावत ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा नशामुक्त एवं अपराधमुक्त गांव बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अधिकारियों को बरसात से पहले सभी सड़क एवं निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

ब्लॉक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय, योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *