रुद्रप्रयाग

देवभूमि का अपमान करने वालों पर कार्रवाई की मांग, पूर्व प्रत्याशी मोहित डिमरी ने एसपी को भेजा ई-मेल

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की देवभूमि और प्रदेशवासियों के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों को लेकर पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजते हुए ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

डिमरी ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया और अन्य सार्वजनिक मंचों पर उत्तराखंड के लोगों के खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि देवभूमि की संस्कृति, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का भी अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व सुनियोजित तरीके से राज्य का शांतिपूर्ण वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने हाल ही में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ संबंधी बयान को लेकर आशीष नेगी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे का उल्लेख करते हुए कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं, लेकिन कानून का समान रूप से पालन होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति राज्य की गरिमा को ठेस पहुंचाने, सामाजिक वैमनस्य फैलाने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।

मोहित डिमरी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड शांतिप्रिय लोगों का प्रदेश है, लेकिन देवभूमि की अस्मिता और यहां के लोगों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन से भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की भी मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *