पौड़ी

पाबौ क्षेत्र को 4.85 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया शिलान्यास व लोकार्पण

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के पहले दिन विकासखंड पाबौ क्षेत्र में 4.85 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद किया और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

ग्राम बजवाड़ में मंत्री ने 55.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा।

इसके बाद उन्होंने चमगांव तोक से बड़ियूं गांव तक 10.01 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सड़क संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 3.50 किलोमीटर लंबे पटोटी-माथोली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया। इस परियोजना पर 4.19 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।

ग्राम सलाना में डॉ. रावत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय त्रिलोक सिंह भंडारी की स्मृति में निर्मित “त्रिलोक सिंह भंडारी स्मृति द्वार” का लोकार्पण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती रहेगी।

कैबिनेट मंत्री ने सलाना, बड़ियूं, चमगांव और कालौं सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विकास कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, विमल नेगी, नरेंद्र भंडारी, बलवीर सिंह, गंगा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *