पौड़ी

श्रावण कांवड़ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, 15 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

यमकेश्वर/पौड़ी। आगामी श्रावण कांवड़ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने नीलकंठ महादेव मंदिर पैदल यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग, मंदिर परिसर और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को 15 जुलाई तक सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु आवागमन और आवश्यक सुविधाओं की निर्बाध उपलब्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल, शौचालय, पार्किंग, सोलर लाइट, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला पंचायत को नियमित सफाई सुनिश्चित करने, वन विभाग को स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त चिकित्सा दल, एंबुलेंस, दवाइयों और आपातकालीन संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान अभिषेक वर्मा, निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी, अपर सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, एसडीओ वन चित्रांजलि नेगी, तहसीलदार वैभव जोशी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *