पौड़ी

स्वनिधि महोत्सव में रेहड़ी-फड़ व्यवसायियों को मिला प्रोत्साहन, उत्कृष्ट बैंक व लाभार्थी सम्मानित

पौड़ी। नगर पालिका परिषद पौड़ी के सभागार में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लीड बैंक अधिकारी किशन सिंह नेगी ने की। उन्होंने कहा कि यह योजना छोटे फड़ एवं रेहड़ी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से समय पर ऋण चुकाने और योजना की आगामी ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने बताया कि 1 से 30 जून तक सभी निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के तहत तीन नए ऋण आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही व्यवसायियों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने, उनकी प्रोफाइलिंग करने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को सरल प्रक्रिया के तहत ऋण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर योजना के तहत सर्वाधिक ऋण वितरित करने वाले बैंकों तथा अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने वाले फड़ व्यवसायियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल के सचिव देवेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष दिलवर सिंह भंडारी, सभासद अरविंद रावत, चंद्रशेखर बड़ोनी, इंदु उप्रेती सहित बैंक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फड़-फेरी व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *