पौड़ी

सचिव दीपक कुमार ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, कृषि, पर्यटन, स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा पर दिए अहम निर्देश

संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर बल देते हुए अधिकारियों को समन्वित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव ने कृषि, उद्यान, डेयरी, जलागम और मत्स्य विभागों के समन्वय से एकीकृत कृषि मॉडल विकसित करने, मुख्यमंत्री घोषणाओं और हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने तथा स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सतपुली झील परियोजना को शीघ्र पूरा करने, स्यूंसी झील के विकास और पर्यटन से जुड़े लंबित सब्सिडी प्रकरणों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा।

सचिव ने स्वास्थ्य योजनाओं, टीबी मुक्त अभियान, शिक्षा, पीएमजीएसवाई सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, साइबर हेल्पलाइन 1930 का प्रचार करने, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *