पौड़ी

विकास योजनाओं की समीक्षा में सचिव ने तय की प्राथमिकताएं

पौड़ी। संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विकास योजनाओं एवं शासन की प्राथमिकताओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर बल देते हुए अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव ने सभी विभागों के कार्यालयों के नामपट्ट संस्कृत भाषा में भी अंकित कराने तथा जनता दरबार एवं चौपाल के दौरान अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रीय समस्याओं को बेहतर ढंग से समझकर उनका प्रभावी समाधान किया जा सकेगा।

कृषि क्षेत्र की समीक्षा के दौरान सचिव ने कृषि, उद्यान, डेयरी, जलागम और मत्स्य विभागों के समन्वय से एकीकृत कृषि मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जुलाई तक तीन विकासखंडों में मॉडल तैयार करने तथा सितंबर तक सभी विकासखंडों में इसे लागू करने की कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।

मुख्यमंत्री घोषणाओं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए सचिव ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों एवं ‘लखपति दीदी’ समूहों को सम्मानित करने की बात भी कही।

पर्यटन क्षेत्र की समीक्षा के दौरान सचिव ने सतपुली झील परियोजना को शीघ्र पूरा करने तथा स्यूंसी झील को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही होमस्टे एवं होटल व्यवसाय से जुड़े लंबित सब्सिडी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी मुक्त अभियान, शिक्षा, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, मत्स्य, युवा कल्याण तथा अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सचिव ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, साइबर हेल्पलाइन 1930 का प्रचार-प्रसार करने तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर नियमित निगरानी एवं सघन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *