रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग के खलियान बांगर और पुजारगांव में आपदा का कहर, खेत-खलिहान तबाह, संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त

रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के खलियान बांगर और पुजारगांव में आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। आपदा के चलते ग्रामीणों के खेत-खलिहान, नगदी फसलें और सब्जियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

आपदा के कारण पेयजल योजनाएं, विद्युत आपूर्ति और सिंचाई नहरें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली पुलिया और संपर्क सड़कें मलबे की चपेट में आने से कई क्षेत्रों का संपर्क बाधित हो गया है। खलियान गांव में एक महिला का आवासीय मकान भी पूरी तरह ध्वस्त हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी प्रभावित गांवों में पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान मोहित डिमरी ने तत्काल जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर भेजने की मांग की। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और जल संस्थान की टीमों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।

मोहित डिमरी ने कहा कि आपदा ने क्षेत्र के किसानों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा देने तथा क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों, बिजली, पेयजल और सिंचाई योजनाओं को युद्धस्तर पर बहाल करने की मांग की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र शासन को भेजी जाएगी तथा नियमानुसार प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *