जरूरतमंद मेधावी बालिकाओं को शिक्षा के लिए मिले आर्थिक सहायता : सीडीओ
पौड़ी गढ़वाल। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि किशोरी बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि बालिकाओं से संबंधित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें शिक्षा, बेहतर भविष्य और आत्मरक्षा के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग मिल सके।
सीडीओ ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही बालिका सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग के समन्वय से आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीनों की स्थापना और उनकी नियमित रिफिलिंग व्यवस्था की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन मशीनों को ऐसे स्थानों पर लगाया जाए, जहां महिलाओं और बालिकाओं की आवाजाही अधिक रहती है तथा उनकी नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, कन्या धन योजना, बालिका सुरक्षा एवं अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा रावत ने विभागीय कार्ययोजना और योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतीकरण किया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, एसीएमओ डॉ. अमित, सीडीपीओ पूजा रावत, सीडीपीओ महबूब खान, उपनिरीक्षक अनीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
