पौड़ी

मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश, समयसीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घोषणाओं से संबंधित कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत अधिकांश कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि कई प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजे जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों में तेजी लाने और नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

डीपीआर और तकनीकी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश

विभागवार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जिन परियोजनाओं के लिए आगणन, डीपीआर अथवा अन्य तकनीकी औपचारिकताएं शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कर शासन को भेजा जाए, ताकि स्वीकृति और क्रियान्वयन प्रक्रिया में तेजी आ सके।

थलीसैंण पार्किंग और विद्यालय निर्माण कार्यों की समीक्षा

बैठक में थलीसैंण में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग को शेष तकनीकी आपत्तियों का जल्द समाधान करने को कहा।

इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में अतिरिक्त कक्षों एवं चहारदीवारी निर्माण तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षों, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष और चहारदीवारी निर्माण से संबंधित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं की सभी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं, उनके निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।

हेली सेवा योजना पर भी हुई चर्चा

कोटद्वार और पौड़ी को हेली सेवा से जोड़ने की योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रस्ताव नागरिक उड्डयन विभाग को भेजा जा चुका है तथा प्राप्त आपत्तियों का निराकरण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने चयनित भूमि का प्राक्कलन शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने वन विभाग से जुड़े प्रकरणों में भी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया।

समन्वय से आगे बढ़ें विभाग

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आमजन की अपेक्षाओं को पूरा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *