एसआईआर-2026 के सफल संचालन को लेकर बीएलए के साथ बैठक, मतदाता सत्यापन प्रक्रिया पर दी गई जानकारी
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के प्रभावी संचालन के लिए सोमवार को एनआईसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान ने की।
बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, गणना प्रपत्रों के वितरण और सत्यापन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत मतदाता सूची का शुद्धीकरण, सत्यापन और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही राजनीतिक दलों के बीएलए को भी गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे मतदाताओं को प्रपत्र भरने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग कर सकें।
बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, निर्वाचक नामावली के प्रकाशन और बीएलए की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
एफ.आर. चौहान ने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची में शामिल मतदाता निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ गणना प्रपत्र जमा कर अपना नाम यथावत बनाए रख सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और मतदाताओं को जागरूक करने में सहयोग देने की अपील की।
बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी एस.एल. शाह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे। इस दौरान बीएलए को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
