ताड़केश्वर धाम में हरित योग, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पौड़ी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष में जनपद पौड़ी गढ़वाल में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रसिद्ध ताड़केश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित “हरित योग” कार्यक्रम ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। योग विशेषज्ञों ने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ शैलेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार जनपद में योग को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत 20 मई से 10 जून तक विभिन्न सरकारी कार्यालयों में विशेष योग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों को नमस्ते योग ऐप एवं योग ब्रेक ऐप के माध्यम से नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश में यूजेवीएन के बैराज पार्क में 25 मई से 5 जून तक 12 दिवसीय योग पार्क कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्थानीय नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
योग अभ्यास के साथ-साथ हरित योग गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला प्रशासन और आयुष विभाग का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जनपद के विभिन्न विकासखंडों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों के जरिए लोगों को स्वस्थ, निरोग और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
