भाजपा अध्यक्ष से मिलने जा रही महिलाओं को पुलिस ने रोका
अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने उठाई दुष्यंत गौतम और अजय कुमार को हटाने की मांग
देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के देहरादून दौरे के दौरान अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच और उत्तराखंड महिला मंच से जुड़ी महिलाओं ने गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी नामों को लेकर भाजपा नेतृत्व से जवाब मांगा।

प्रदर्शन के बाद महिलाएं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने और अपनी मांगें रखने के लिए आगे बढ़ रही थीं। इस दौरान पुलिस ने उन्हें निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके चलते कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के दौरान जिन वीआईपी नामों की चर्चा हुई, उनमें भाजपा नेताओं दुष्यंत गौतम और अजय कुमार के नाम भी सामने आए थे। उन्होंने मांग की कि इन नेताओं को उत्तराखंड की जिम्मेदारियों से हटाया जाए तथा मामले में पूरी पारदर्शिता बरती जाए।
महिला मंच और संघर्ष मंच की प्रतिनिधियों ने कहा कि वे अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई लगातार लड़ती रहेंगी और मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किए जाने की मांग करती रहेंगी।
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।
उल्लेखनीय है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेश में समय-समय पर विभिन्न संगठनों द्वारा न्याय और पारदर्शी जांच की मांग उठाई जाती रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
