पौड़ी

राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिखाल का चतुर्थ वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न

‘कीर्तिसुधा’ पत्रिका के चतुर्थ संस्करण का हुआ विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। राजकीय इंटर कॉलेज कीर्तिखाल में चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘कीर्तिसुधा’ के चतुर्थ संस्करण का विमोचन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारीखाल डॉ. सुरेन्द्र सिंह नेगी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्य, विशिष्ट अतिथियों एवं पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावत, नगर पंचायत सतपुली अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह चौहान, राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री मनमोहन चौहान, जनपद उपाध्यक्ष पूरन नेगी, पूर्व प्रधानाचार्य नागेन्द्र चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता भारत सिंह रावत तथा पूर्व शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल डोबरियाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं रा.प्रा.वि. कोटलमंडा तथा कीर्तिखाल विद्यालय के नन्हे बच्चों ने नृत्य, गायन, गढ़वाली लोक संस्कृति एवं अन्य राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय अभिभावक श्रीमती ऊषा रावत द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली कविता पाठ को भी खूब सराहा गया।

इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती अंजू ने प्रस्तुत की। वहीं मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘कीर्तिसुधा’ के चतुर्थ संस्करण का विमोचन किया। पत्रिका के संपादन का दायित्व प्रदीप सिंह नेगी ने निभाया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण मंच है तथा कीर्तिसुधा के माध्यम से छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति का अवसर मिलता है।

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता इन्द्रपाल, छात्र अंकुश तथा छात्राओं कामिनी एवं दीपाली ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने राजकीय विद्यालयों में घटती छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की। उन्होंने विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की सराहना की।

समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राकेश सिंह नेगी ने की। इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष अनिल सिंह रावत, एसएमसी अध्यक्षा नीलम देवी, विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक तथा विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *