दिशा ध्याणियों को समर्पित रामलीला महोत्सव 2 जून से शुरू
डंगला गांव में 11 जून तक होगा आयोजन, 12 जून को राजतिलक और भंडारे के साथ होगा समापन
द्वारीखाल/पौड़ी। विकासखंड द्वारीखाल की डबरालस्यूं पट्टी स्थित डंगला गांव में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी दिशा ध्याणियों (बहन, बेटी और फूफू) को समर्पित श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन 2 जून से किया जाएगा। श्रीरामलीला समिति डंगला के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 11 जून तक चलेगा।

समिति के संयोजक अनिल डबराल ने बताया कि गांव में कई वर्षों से श्रीरामलीला का भव्य मंचन किया जा रहा है। पहले रामलीला का आयोजन नवंबर माह में होता था, लेकिन उस समय प्रवासी ग्रामीणों और दिशा ध्याणियों की सहभागिता सीमित रह जाती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले दो-तीन वर्षों से रामलीला का आयोजन जून माह में किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
उन्होंने बताया कि इस अनूठी पहल के तहत गांव की दिशा ध्याणियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है। उनके भोजन और ठहरने की व्यवस्था रामलीला समिति द्वारा की जाती है। वहीं विदाई के समय पारंपरिक अरसा-कलेऊ भेंट स्वरूप प्रदान किया जाता है, जिससे यह आयोजन सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को सशक्त बनाने का माध्यम भी बन गया है।
समिति के अनुसार 2 जून को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रामलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा। 12 जून को प्रातः भगवान श्रीराम का राजतिलक होगा , जिसके बाद विशाल भंडारे के साथ रामलीला महोत्सव का समापन होगा।
गांववासियों का कहना है कि जून माह में आयोजित होने वाली इस रामलीला से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन जाता है। प्रवासी ग्रामीणों की घर वापसी और दिशा ध्याणियों की सहभागिता से गांव में विशेष रौनक देखने को मिलती है। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक बन गया है।
