“पहाड़ अपने हक की लड़ाई खुद लड़ेगा” : उक्रांद का ऐलान
*“पहाड़ बचाओ, जन जीवन बचाओ” अभियान के तहत कल सिलोगी में रैली*
द्वारीखाल। पौड़ी गढ़वाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहे जंगली जानवरों के आतंक, इंसानों एवं पालतू पशुओं पर हमलों और जनधन हानि की घटनाओं के विरोध में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) द्वारा “पहाड़ बचाओ, जन जीवन बचाओ अभियान” के अंतर्गत कल 19 मई 2026 को यमकेश्वर विधानसभा के सिलोगी में विशाल जन आक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर युवा उक्रांद के केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत सिलोगी पहुंचेंगे, जहां क्षेत्रीय जनता और पहाड़ हितैषियों के साथ मिलकर जन सुरक्षा और पहाड़ के अस्तित्व से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद की जाएगी।

यमकेश्वर विधानसभा अध्यक्ष राहुल रावत ने बताया कि पहाड़ के लोग लंबे समय से तेंदुए, भालू और जंगली सूअरों के भय के साए में जीवन जीने को मजबूर हैं। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, लेकिन अब पहाड़ की जनता अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि पहाड़ की जनता अब डर और खामोशी में जीवन नहीं बिताएगी। लगातार बढ़ रहे जंगली जानवरों के हमलों और जनहानि की घटनाओं के खिलाफ लोगों का आक्रोश अब आंदोलन का रूप ले चुका है। “पहाड़ की पुकार, अब नहीं होगी बेकार। अब चुप नहीं, पहाड़ अपने हक की लड़ाई खुद लड़ेगा।” उन्होंने कहा कि जन आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पहाड़ हितैषी शामिल होकर जन सुरक्षा और पहाड़ के अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे।
