पौड़ी

स्वास्थ्य केंद्रों पर एसडीएम का औचक निरीक्षण, कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद

बायोमेट्रिक बंद मिलने पर जताई नाराजगी, अव्यवस्थाओं पर होगी कार्रवाई

स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर उप जिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य ने क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर अनियमितताएं, कर्मचारियों की अनुपस्थिति और व्यवस्थागत खामियां सामने आईं।

एसडीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रीठाखाल का निरीक्षण किया, जहां तैनात तीन कर्मचारियों में से केवल फार्मासिस्ट सुधीर ही मौजूद मिले। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी 11 मई से लगातार अनुपस्थित पाए गए, जबकि एएनएम भी ड्यूटी से नदारद मिलीं। निरीक्षण के समय ओपीडी में केवल तीन मरीज दर्ज पाए गए।

पीएचसी संगलाकोटी में चार कर्मचारियों में से केवल वार्ड बॉय और एएनएम ही उपस्थित मिले। प्रभारी चिकित्सक 10 मई से अनुपस्थित बताए गए, जबकि फार्मासिस्ट भी मौके पर नहीं मिले। यहां पेयजल आपूर्ति बाधित पाई गई।

पीएचसी पोखड़ा के निरीक्षण में एक चिकित्सक समेत आरबीएसके की पूरी टीम अनुपस्थित मिली। क्षेत्र भ्रमण रजिस्टर मांगे जाने पर संबंधित कर्मचारी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।

रीठाखाल स्थित आयुष विंग में भी दोनों तैनात कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और फार्मासिस्ट मौके पर मौजूद नहीं थे। यहां बायोमेट्रिक मशीन भी बंद मिली।

निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों में बायोमेट्रिक मशीनें निष्क्रिय पाई गईं और मोबाइल ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र परिसरों में साफ-सफाई और झाड़ी कटान की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।

एसडीएम रेखा आर्य ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं, जो चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजी जाएगी, ताकि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *