कोटी-चंबा सड़क हादसा: पीड़ित राहुल के परिवार को मिली ₹3 लाख की सहायता
मोहित डिमरी की पहल के बाद हरकत में आया प्रशासन, पीएम राहत कोष व रोजगार की मांग जारी
रुद्रप्रयाग। टिहरी जनपद के कोटी-चंबा मोटरमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले रुद्रप्रयाग जिले के लड़ियासू गांव निवासी राहुल के परिवार को आखिरकार आर्थिक सहायता मिल गई है। प्रशासनिक स्तर पर लंबे समय तक अनदेखी के बाद तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3 लाख की सहायता राशि का चेक राहुल की पत्नी को सौंपा।
राहुल परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और होटल में नौकरी कर अपने बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह माह के मासूम बच्चे तथा छोटे भाई-बहनों का पालन-पोषण कर रहा था। हादसे में उसकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। बताया गया कि राहुल के माता-पिता में से एक हृदय रोग से भी पीड़ित हैं, जिससे परिवार की स्थिति और अधिक दयनीय हो गई थी।

इस मामले में उस समय आक्रोश बढ़ गया था, जब इसी हादसे में प्रभावित अन्य परिवारों को सहायता राशि वितरित कर दी गई, लेकिन राहुल के परिवार को राहत नहीं मिल सकी। इसे लेकर रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं युवा नेता मोहित डिमरी ने प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने लड़ियासू गांव पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और सहायता दिलाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
लगातार जनदबाव और मोहित डिमरी के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को राहत राशि उपलब्ध कराई। तहसील प्रशासन की टीम स्वयं गांव पहुंची और सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस मौके पर मोहित डिमरी ने कहा कि प्रशासन और मुख्यमंत्री द्वारा सहायता राशि उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है, लेकिन संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि परिवार को प्रधानमंत्री राहत कोष से घोषित ₹2 लाख की अतिरिक्त सहायता राशि दिलाने और राहुल की पत्नी के लिए स्थायी रोजगार की व्यवस्था कराने तक उनका प्रयास जारी रहेगा।
उन्होंने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा रहा और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग जारी रखा जाएगा।
