पौड़ी

पौड़ी में दिशा बैठक: पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क और खेल सुविधाओं पर सांसद अनिल बलूनी ने दिए सख्त निर्देश

एक माह में पेयजल समस्याओं के स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश, डायलिसिस सेंटरों की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर

पौड़ी। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, संचार और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने पेयजल संकट वाले गांवों में टैंकरों से जलापूर्ति सुनिश्चित करने और अधूरी योजनाओं को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। जयहरीखाल क्षेत्र की पेयजल समस्याओं पर भी अधिकारियों को तेजी से सुधार कार्य करने को कहा गया।

उन्होंने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पेयजल पंपिंग योजनाओं की पूर्व तैयारी करने तथा एक माह के भीतर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बरसात से पहले लैंडस्लाइड प्रभावित मोटर मार्गों पर सुधारीकरण कार्य पूरा करने और आपदा प्रबंधन के लिए मशीनरी व मानव संसाधन तैयार रखने पर भी जोर दिया गया।

गुमखाल–सतपुली मोटर मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित निजी परिसंपत्तियों के सुधारीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।

सांसद ने समाज कल्याण और शिक्षा विभाग को मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था विकसित करने को कहा। वहीं पेंशन योजनाओं में लंबित मामलों का विशेष अभियान चलाकर निस्तारण करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्यापन के कारण रुकी पेंशन के मामलों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाए और अभियान शुरू करने से पहले जनप्रतिनिधियों को सूचना उपलब्ध कराई जाए।

कृषि विभाग की समीक्षा में सांसद ने थलीसैंण ब्लॉक को ऑर्गेनिक खेती के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने की तैयारी करने और किसानों का चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की योजनाओं की समीक्षा के दौरान चिकित्सकों की उपलब्धता, आईसीयू, डायलिसिस सेवाओं, 108 एंबुलेंस और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कोटद्वार डायलिसिस सेंटर में अतिरिक्त बेड बढ़ाने की आवश्यकता बताई, जिस पर सांसद ने कोटद्वार और पौड़ी डायलिसिस सेंटरों की क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में बीएसएनएल नेटवर्क व्यवस्था सुधारने, ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं के विकास, मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में त्वरित राहत उपलब्ध कराने और मनरेगा कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान जिलाधिकारी, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *