पौड़ी

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कोटद्वार में चला सघन यातायात चेकिंग अभियान

“नो व्हीकल डे” पर पैदल कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी

पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का दिया संदेश

पौड़ी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शुक्रवार को “सुरक्षित ईंधन-सुरक्षित जीवन” अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम के निर्देशन में किया गया।

अभियान के तहत “नो व्हीकल डे” मनाते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने आवास से कार्यालय तक पैदल पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को वाहनों के अत्यधिक उपयोग से बढ़ते प्रदूषण और उसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में आमजन को अधिक से अधिक पैदल चलने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा आज समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है तथा छोटे-छोटे प्रयासों से भी प्रदूषण कम करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ईंधन संरक्षण के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

इस अवसर पर चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार, रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *