सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कोटद्वार में चला सघन यातायात चेकिंग अभियान
ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चालकों पर कार्रवाई
एल्कोमीटर से जांच, चार दुपहिया वाहन चालकों के काटे गए चालान
कोटद्वार। सड़क सुरक्षा को लेकर जनपद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कोटद्वार में विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी संदीप कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। टीम ने ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों की जांच की। वहीं संदिग्ध वाहन चालकों की एल्कोमीटर से भी जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे चार दुपहिया वाहन चालकों के चालान किए गए। अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हेलमेट का नियमित उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
अभियान में भारी वाहनों के चालकों को भी सुरक्षित ड्राइविंग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए सभी वाहन चालक सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों, फैक्ट्रियों और विभिन्न संस्थानों में भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पुलिस उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट, धर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
