पौड़ी

पौड़ी के सीडीओ गिरीश गुणवंत का तबादला। संभागीय खाद्य नियंत्रक पद पर हुए स्थानांतरित

जिलाधिकारी बोलीं- विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में निभाई अहम भूमिका

पौड़ी, 11 मई। जनपद पौड़ी गढ़वाल के मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत के संभागीय खाद्य नियंत्रक गढ़वाल परिक्षेत्र पद पर स्थानांतरण होने पर विकास भवन में सोमवार को गरिमापूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सरल व्यक्तित्व, पारदर्शी कार्यशैली और समाधानोन्मुख दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि गिरीश गुणवंत के साथ कार्य करने का अनुभव अत्यंत प्रेरणादायी और सकारात्मक रहा। उन्होंने अपने कार्यकाल में विकास योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर आमजन की समस्याओं को समझा तथा उनके समाधान के लिए संवेदनशील कार्यशैली अपनाई।

उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी ने सदैव टीम भावना के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को मार्गदर्शन दिया, जिससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ और जनहित के कार्यों में तेजी आई। जिलाधिकारी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि उनका सरल व्यवहार और कार्यशैली सदैव स्मरणीय रहेगी।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने अपने संबोधन में कहा कि पौड़ी जनपद में बिताया गया कार्यकाल उनके प्रशासनिक जीवन का सबसे यादगार समय रहा। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा का सामान्य हिस्सा है, लेकिन पौड़ी के लोगों का स्नेह और यहां कार्य करने का अनुभव सदैव याद रहेगा।

उन्होंने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनका तनावमुक्त रहकर कार्य करना और समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकालना टीम को भी प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में धैर्य, समझदारी और व्यवहार कुशलता ही सफलता की कुंजी है।

सीडीओ ने कहा कि सरकारी सेवा में सरलता और सहजता व्यक्ति को आगे बढ़ाती है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। साथ ही पौड़ी की जलवायु को स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश भी दिया।

समारोह में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल सहित कई अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि गिरीश गुणवंत एक सत्यनिष्ठ और कर्मठ अधिकारी रहे, जिनके नेतृत्व में विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया।

कार्यक्रम का संचालन स्वजल परियोजना प्रबंधक दीपक रावत ने किया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए टीम भावना के साथ जनहित में कार्य करते रहने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *