पौड़ी

जनता मिलन में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

पेयजल, सड़क, ट्रैफिक और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित करीब एक दर्जन शिकायतें प्राप्त हुईं।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सहित किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली के अंतर्गत ई-फाइलिंग व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से लागू करने के निर्देश भी दिए।

जनता मिलन में पेयजल, सड़क, ट्रैफिक, नगर निकाय और राजस्व से संबंधित विभिन्न समस्याएं उठाई गईं। लक्ष्मीनारायण निवासी सुमन नेगी ने बरसात के दौरान बंद नाली से मकान को खतरा होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

ग्राम भैस्वाड़ा निवासी राजेंद्र सिंह की भवन मानचित्र निरस्तीकरण संबंधी शिकायत पर जिला विकास प्राधिकरण को संवेदनशीलता के साथ नापजोख कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। वहीं कण्डारा गांव निवासी हुकम सिंह द्वारा सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट पर पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जल संस्थान को तत्काल जेई भेजकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

उल्ली गांव निवासी विपिन सिंह की अनाथ प्रमाण पत्र बनाए जाने संबंधी शिकायत पर जिला परिवीक्षा अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा नगर क्षेत्र में लटकी टीवी केबल और पुरानी टेलीफोन तारों को हटाने, मृत पशुओं के निस्तारण हेतु भूमि उपलब्ध कराने, पाइपलाइनों से प्रभावित रास्तों की समस्या तथा माल रोड से नगर पालिका और कलेक्ट्रेट तक सड़क चौड़ीकरण जैसे मामलों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाला जनता मिलन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने बताया कि नागरिक कल्याण एवं जागरूक विकास समिति पौड़ी द्वारा उठाई गई शहर की पेयजल समस्या पर जल संस्थान और विद्युत विभाग के समन्वय से बाधित जलापूर्ति बहाल कर दी गई है और वर्तमान में शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित पेयजल आपूर्ति हो रही है।

न्यू बस अड्डा निवासी मोहित सिंह द्वारा उठाई गई पेयजल समस्या का भी त्वरित समाधान किया गया। ग्राम क्वीराली निवासी भगवती प्रसाद खण्डूड़ी की शिकायत पर विभागीय फिटर द्वारा मरम्मत कार्य कर पेयजल आपूर्ति सुचारू की गई।

जन प्रतिनिधि नीलम जुयाल द्वारा पानी की लाइन और टैंक क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर जल संस्थान ने समस्या का समाधान कर निस्तारण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम दडखण्ड में पेयजल संकट के समाधान हेतु टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया गया, जबकि ग्राम कठुड बड़ाकोट, विकासखंड कल्जीखाल में पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल कर दी गई।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *