पौड़ी

राज्यपाल गुरमीत सिंह दो दिवसीय जनपद भ्रमण पर लैंसडाउन पहुंचे, गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

लैंसडाउन/पौड़ी। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) शनिवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण कार्यक्रम के तहत गढ़वाल राइफल रेजिमेंट सेंटर (जीआरआरसी) लैंसडाउन पहुंचे। राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासन एवं सेना की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं।

राज्यपाल के लैंसडाउन स्थित शहीद भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत तथा कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद नेगी ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर सेना एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

राज्यपाल के सम्मान में सुरक्षा बलों द्वारा आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया गया। परेड ग्राउंड में सेना के जवानों ने अनुशासित मार्चपास्ट के माध्यम से राज्यपाल को सलामी दी। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण करते हुए जवानों का अभिवादन स्वीकार किया।

दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल विभिन्न निर्धारित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत वह सैन्य अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनपद से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी भी लेंगे। इसके अतिरिक्त राज्यपाल लैंसडाउन क्षेत्र में आयोजित सामाजिक, शैक्षिक एवं सैन्य गतिविधियों में भी सहभागिता करेंगे।

राज्यपाल के दौरे को लेकर लैंसडाउन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। प्रशासन द्वारा यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। राज्यपाल के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *