अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ यूकेडी की आक्रोश रैली, सरकार का पुतला फूंका
पौड़ी। कोटद्वार में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) महानगर इकाई ने अपराध, भ्रष्टाचार और माफिया तंत्र के विरोध में आक्रोश रैली निकाली। कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया तथा तहसील परिसर में जनसभा आयोजित कर तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

शनिवार सुबह यूकेडी कार्यकर्ता झंडा चौक में एकत्रित हुए, जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। इसके बाद यूकेडी के वरिष्ठ नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में झंडा चौक से तहसील परिसर तक रैली निकाली गई।
तहसील परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यूकेडी के केंद्रीय संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपराधियों, माफियाओं और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के बजाय भ्रष्टाचार और काले धन को बढ़ावा देने में लगी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल लंबे समय से अपराध, माफिया तंत्र और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करता आ रहा है। यदि प्रदेश में यूकेडी की सरकार बनती है तो राज्य को अपराध मुक्त, माफिया मुक्त, नशा मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा। साथ ही युवाओं और छात्रों को बेहतर शिक्षा एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
महानगर अध्यक्ष जगदीपक रावत ने कहा कि यदि सरकार ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की तो यूकेडी व्यापक जनांदोलन शुरू करेगी। वहीं रोहित डंडरियाल ने प्रशासन और पुलिस व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
रैली और सभा में महेंद्र सिंह रावत, पितृशरण जोशी, सत्यप्रकाश भारद्वाज, हरीश द्विवेदी, भारत मोहन काला, देवेंद्र रावत, कमलेश कुकरेती, गणेश रावत, उमेद सिंह भंडारी, प्रकाश रावत, दीपा अधिकारी, आरती अधिकारी और संदीप पवार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
