पौड़ी

स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान पर डीएम सख्त स्मारकों के संरक्षण और परिजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

पौड़ी। जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनके परिजनों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सख्त रुख अपनाया है। एनआईसी कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि सेनानियों का त्याग देश की अमूल्य धरोहर है और उनके स्मारकों के रखरखाव व परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने पीडी डीआरडीए को जनपद के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारकों और शिलापट्टों का भौतिक सत्यापन कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। शहीद भवानी सिंह रावत पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए उपजिलाधिकारी कोटद्वार और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों और नगरीय क्षेत्रों में नगर निकायों को स्मारकों की मरम्मत और अधूरे शिलापट्टों पर नाम अंकित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

परिजनों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी और उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य एवं अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी पोस्टरों के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर उपलब्ध कराई जाए। तहसील स्तर पर डिजिटल प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही तकनीकी दिक्कतों को शीघ्र दूर करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी राष्ट्रीय पर्वों और प्रमुख कार्यक्रमों में सेनानी परिजनों को ससम्मान आमंत्रित किया जाए।

प्रशासनिक जवाबदेही तय करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को प्रत्येक तीन माह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मोटर मार्गों और विद्यालयों के नामकरण से जुड़े लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, ईडीएम सचिन भट्ट सहित संगठन के अध्यक्ष यशपाल सिंह रावत, प्रांतीय संयुक्त सचिव बृजमोहन जोशी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *