पौड़ी

पौड़ी में पेयजल संकट पर कमिश्नर सख्त, 25 लाख जारी

*तीन दिन में सभी पंपिंग योजनाओं में जनरेटर लगाने के निर्देश*

पौड़ी। गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने जनपद में पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल संस्थान को 25 लाख रुपये जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर पौड़ी नगर की सभी प्रमुख पंपिंग योजनाओं में पावर बैकअप के रूप में जनरेटर स्थापित करने को कहा है।

आयुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि पेयजल, बिजली और रसोई गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं की निर्बाध आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के कार्यों में तेजी लाने को भी कहा गया।

बैठक में पौड़ी और श्रीनगर में रसोई गैस की कमी और बैकलॉग का मुद्दा भी उठा। आयुक्त ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का वितरण बुकिंग के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दोनों केंद्रों पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई है।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि पेयजल शिकायतों के निस्तारण के लिए कोटद्वार और पौड़ी में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। 1 अप्रैल से अब तक प्राप्त 110 शिकायतों में से 99 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।

इसी क्रम में कंडोलिया पार्क के पास सड़क पर जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। लोनिवि के अधिकारियों ने बताया कि पानी की निकासी के लिए कार्य 10 मई से शुरू किया जाएगा।

बैठक में अपर आयुक्त उत्तम कुमार, अधीक्षण अभियंता मोहम्मद मीशम, जल संस्थान के प्रवीण सैनी, लोनिवि के अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने और जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *