केदारनाथ यात्रा में स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल
सोनप्रयाग में कूड़ा प्रबंधन के नाम पर अनियमितताओं के आरोप, जांच के आदेश
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग में स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सौंपे ज्ञापन में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में कहा गया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा उत्पन्न हो रहा है, जिसके प्रबंधन की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशनल को दी गई है। इसके लिए सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मार्ग पर कन्वेयर बेल्ट स्थापित करने हेतु ₹19.44 लाख का बजट स्वीकृत किया गया था।
आरोप है कि कार्य पूर्ण होने के बोर्ड तो लगाए गए हैं, लेकिन मौके पर कन्वेयर बेल्ट के नाम पर केवल लोहे के ढांचे ही दिखाई दे रहे हैं। मशीनरी के अभाव में कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।
मोहित डिमरी ने इसे सरकारी धन के दुरुपयोग और तीर्थयात्रियों की आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (ADM) को जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

