पौड़ी

फल-सब्जियों में रसायनों के खिलाफ अभियान, 12 नमूने जांच को भेजे

पौड़ी। जन स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनपद में फल एवं सब्जियों में रसायनों के संभावित उपयोग के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जागरूकता एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों के क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए गए।

पौड़ी क्षेत्र में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पी.सी. जोशी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया, जबकि यमकेश्वर एवं कोटद्वार क्षेत्रों में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा द्वारा निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान कुल 12 नमूने एकत्र कर सर्विलांस जांच हेतु प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विक्रेताओं को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा बिलों का समुचित अभिलेख रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फलों को पकाने हेतु कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इसके स्थान पर निर्धारित मानकों के अंतर्गत एथिलीन गैस के उपयोग की अनुमति है।

इसके अतिरिक्त फल एवं सब्जियों पर वैक्स कोटिंग के उपयोग पर भी रोक है तथा कीटनाशकों के अवशेष की अधिकतम सीमा का पालन करना अनिवार्य है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे संदिग्ध या अत्यधिक चमकीले फल एवं सब्जियों के सेवन से बचें तथा उपयोग से पूर्व उन्हें अच्छी तरह धोकर या छीलकर ही इस्तेमाल करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *