पौड़ी

15 दिन में शिकायतों का निस्तारण करें: सीडीओ गिरीश गुणवंत

कल्जीखाल में बीडीसी बैठक, विकास से जुड़े 15 प्रस्ताव पेश

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड कल्जीखाल सभागार में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में विकास कार्यों से संबंधित 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को 15 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

स्थलीय निरीक्षण और गुणवत्ता पर जोर

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे।

पेयजल समस्याओं पर विशेष फोकस

गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को लेकर सीडीओ ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की गहन जांच कर नियमित एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

समाधान के बाद देनी होगी आख्या

सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समस्याओं के समाधान के बाद विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके।

समन्वय से होगा विकास: ब्लॉक प्रमुख

ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और विभागों के बीच समन्वय का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि बैठक में उठाए गए मुद्दों का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय पटवाल, कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल, मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी, एडीओ पंचायत प्रदीप गुसाईं सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *