पौड़ी

NEET-UG 2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की समीक्षा

पौड़ी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रभारी अपर जिलाधिकारी एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। विशेष रूप से विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार जनपद में परीक्षा 3 मई (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय देते हुए शाम 6 बजे तक परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी।

परीक्षा के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पौड़ी एवं राजकीय इंटर कॉलेज, पौड़ी नगर को केंद्र बनाया गया है। दोनों केंद्रों पर कुल 444 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनमें 204 परीक्षार्थी केंद्रीय विद्यालय तथा 240 परीक्षार्थी राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस विभाग को पर्याप्त बल तैनात करने तथा प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परिवहन विभाग को परीक्षार्थियों के सुगम आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार बस सेवाएं संचालित करने एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।

इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय समन्वय समिति को परीक्षा से पूर्व दोनों केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने समन्वय के साथ परीक्षा के सफल संचालन का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *