श्रीनगर में 5 मई को लगेगा रोजगार मेला, 700–800 पदों पर भर्ती की संभावना
श्रीनगर/पौड़ी। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में आगामी 5 मई 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), श्रीनगर (गढ़वाल) में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी लैंसडाउन उत्तम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में हरिद्वार परिक्षेत्र की ऑटोमोबाइल सेक्टर की प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। इनमें JK Tyre, Mahindra & Mahindra, Bajaj Auto, Rockman Industries, Shivam Autotech तथा Munjal Showa सहित लगभग 10 से 12 औद्योगिक इकाइयों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि मेले के माध्यम से करीब 700 से 800 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। हालांकि पदों की संख्या कंपनियों की आवश्यकता के अनुसार परिवर्तनीय हो सकती है।
रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई (फिटर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, ऑटोमोबाइल), डिप्लोमा (इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल) तथा बीएससी स्नातक निर्धारित की गई है।
सेवायोजन विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने साथ नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, अद्यतन बायोडाटा, सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण पत्र लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर मेले में उपस्थित हों।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
