पौड़ी

44 कनिष्ठ सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया वितरण

पौड़ी। श्रीनगर स्थित पी.एम. श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर गढ़वाल मंडल के लिए चयनित 44 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि शिक्षा केवल एक विभाग नहीं, बल्कि समाज के भविष्य निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने नव-नियुक्त कर्मचारियों से पूर्ण समर्पण, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि कर्मचारी शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनकी भूमिका प्रशासनिक कार्यों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि समर्पण का अर्थ अपने कार्य के प्रति निष्ठा और जिम्मेदारी का भाव रखना है, जबकि सत्यनिष्ठा हर परिस्थिति में ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने से जुड़ी है। यदि कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करेंगे, तो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव संभव है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा उत्तराखंड एवं मंडलीय अपर निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कंचन देवराड़ी ने विभागीय नवाचारों और फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनके प्रभावी क्रियान्वयन में प्रत्येक अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी की अहम भूमिका है। उन्होंने सभी से योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने का आह्वान किया।

इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल, ब्लॉक प्रमुख खिर्सू अनिल भंडारी सहित विनय घिल्डियाल, शुभम प्रभाकर, दिनेश पटवाल, नगमा तौफीक, संजय गुप्ता, देवेंद्र मनी मिश्रा, गुड्डी रावत, गणेश भट्ट, संदीप रावत और झाबर सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य मीना गैरोला ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *