पौड़ी

पौड़ी में प्रशिक्षण सह-सम्मेलन, ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण पर जोर

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से पंचायतीराज एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा प्रेक्षागृह, पौड़ी में प्रशिक्षण सह-सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान प्रधान संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायतों को अधिक वित्तीय अधिकार देने, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के सुझाव दिए।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि गांव विकास की मूल इकाई है और राज्य की प्रगति ग्रामीण क्षेत्रों पर निर्भर करती है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा और जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में एक आदर्श गांव विकसित करने और आपदा प्रबंधन को मजबूत करने पर भी जोर दिया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार पंचायतों के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने स्वच्छता, साक्षरता और नशा मुक्ति जैसे अभियानों को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन गणेश खुगशाल ‘गणी’ ने किया। इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, महंत दिलीप रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *