बुघाणी में धूमधाम से मनाई गई स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती
पौड़ी। राजकीय संग्रहालय बुघाणी में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन पुरातत्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

जयंती कार्यक्रम में वक्ताओं ने बहुगुणा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक और जनसेवक बताया। प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई पौड़ी अनिरुद्ध बिष्ट ने कहा कि बहुगुणा ने अपने राजनीतिक जीवन में जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी समाज को मिल रहा है।
वक्ताओं ने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा के जीवन से प्रेरणा लेकर क्षेत्र के विकास में योगदान देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय संग्रहालय परिसर में महिलाओं द्वारा लोकगीत एवं लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने आयोजन को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
इस अवसर पर सुधीर जोशी, विनीत गिरी, प्रमोद उनियाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
