राष्ट्रीय

जंतर मंतर पर अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग, VIP आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन

नई दिल्ली। अंकिता भंडारी न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के आह्वान पर रविवार को जंतर मंतर में प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में शीघ्र न्याय की मांग उठाई।

मंच की प्रतिनिधि कमला पंत ने कहा कि घटना को तीन वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक पीड़िता को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले से जुड़े प्रभावशाली लोग अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।

मंच की निर्मला बिष्ट ने कहा कि एक ओर सरकार महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इस मामले में जुड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर सर्वेश डंगवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा मामले में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को संरक्षण मिलने की आशंका से जनता में आक्रोश है।

प्रदर्शनकारियों ने पुष्कर सिंह धामी से मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराए जाने की मांग भी रखी गई।

सभा को चारू तिवारी, इंद्रेश मैखुरी, गरिमा दसौनी, प्रकाश थपलियाल और लक्ष्मण रावत सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

इस दौरान दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने प्रदर्शन में भाग लिया और न्याय की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। प्रदर्शन में रोशन धस्माना, पदमा गुप्ता, सूरज नेगी, उमाकांत लखेड़ा, अमन रावत, विजया नैथानी, तुषार रावत, मंजू बलोदी, कृष्णा सकलानी, दीपा नेगी, पार्वती, सुलछना, सौरव, मनीष, चंद्रकला समेत कई लोग शामिल रहे।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *