हरिद्वार

नेत्रहीन छात्र शिवांश ने रचा सफलता का स्वर्णिम अध्याय, हाईस्कूल में 88% अंक हासिल

हरिद्वार। सीमित संसाधनों और दृष्टिबाधा जैसी चुनौती के बावजूद अदम्य साहस, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिचय देते हुए मीरपुर (बहादराबाद) निवासी शिवांश कुमार ने उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।

स्वामी अजरानंद हाईस्कूल भूपतवाला के छात्र शिवांश ने कुल 500 में से 440 अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की। उनके परीक्षा परिणाम में हिंदी, संस्कृत एवं संगीत विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा, जहां उन्होंने ए-वन ग्रेड प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया।

बचपन से नेत्रहीन शिवांश के लिए यह उपलब्धि मात्र परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि उनके आत्मबल, संघर्ष और अटूट संकल्प का जीवंत उदाहरण है। उनके पिता सिडकुल क्षेत्र में निजी नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में सीमित संसाधनों के बीच हासिल की गई यह सफलता और भी प्रेरणादायी बन जाती है।

विद्यालय के प्रबंधक स्वामानंद जी महाराज ने शिवांश की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं अखिल भारतीय नेत्रहीन संघ से जुड़ी अध्यापिका पूनम राणा ने कहा कि शिवांश जैसे विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं, जो यह सिद्ध करते हैं कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी बाधा टिक नहीं सकती।

शिवांश का लक्ष्य आगे की शिक्षा पूर्ण कर एसएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर एक अधिकारी बनना है। उनकी यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करने का हौसला रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *