पौड़ी

थलीसैंण में विकास की बड़ी सौगात: शिक्षा में तकनीक, स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई ताकत

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड थलीसैंण क्षेत्र में उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण, लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय चौखाल के नव-निर्मित भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की और शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

चोपताखाल स्थित राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में चहारदीवारी एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण करते हुए मंत्री ने शिक्षा में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया। वहीं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हाईब्रिड कक्ष और सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल व तकनीकी संसाधनों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिलेगा।

इस दौरान मंत्री ने क्षेत्रवासियों और विद्यालय परिवार से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए सुझाव भी प्राप्त किए। चौखाल में सहकारी समिति गुरफली की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में प्रतिभाग करते हुए उन्होंने सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर बल दिया तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों में विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिनमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौखाल में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष में टाइल्स व पुस्ता निर्माण, गुरफली में सौंदर्यीकरण, डुमलोट में भवन मरम्मत और खैतोली में चहारदीवारी निर्माण शामिल हैं। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमलोट में कक्षा-कक्ष व प्रयोगशाला मरम्मत के साथ कंप्यूटर लैब का शिलान्यास भी किया गया।

मंत्री ने कहा कि इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही उन्होंने भगवतीतलिया उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रजनी देवी, शांति देवी सहित आनंद सिंह नेगी, मनोज रमोला, राकेश महंगाई, मनोज भंडारी, सुशील सिंह, मनोज सिंह, मोहन सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *