जनगणना 2026 की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, 25 अप्रैल से शुरू होगा पहला चरण
लक्ष्य आधारित कार्य के निर्देश, साप्ताहिक समीक्षा से होगी निगरानी
पौड़ी। जनगणना 2026 को लेकर जनपद पौड़ी गढ़वाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में जनगणना कार्य की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिए गए प्रशिक्षण की स्थिति का आकलन करते हुए कार्य की गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में स्व-गणना की प्रगति की जानकारी ली तथा सीमांकन कार्य की समीक्षा करते हुए बताया कि जनपद में यह कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रगणक 27 अप्रैल तक अपने-अपने क्षेत्र में परिवारों की कुल संख्या का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। प्रत्येक प्रगणक को प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण किया जा सके।
जिलाधिकारी ने प्रभारी अपर जिलाधिकारी को साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की निरंतर निगरानी से किसी भी प्रकार की लापरवाही को रोका जा सकेगा। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला, जनगणना निदेशालय देहरादून के मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
