पौड़ी

पीठसैंण में भव्य क्रान्ति दिवस मेला, उमड़ा जनसैलाब युवाओं में राष्ट्रभक्ति जगाने का सशक्त माध्यम : मंत्री

पौड़ी। विकासखण्ड थलीसैंण के पीठसैंण (मासौं) में पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की स्मृति में आयोजित राजकीय क्रान्ति दिवस मेला इस वर्ष भी भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मेले में दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके साहस और बलिदान को नमन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेले में विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर मौके पर ही लाभान्वित किया गया। चिकित्सा विभाग द्वारा बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और दवा वितरण की सुविधा भी प्रदान की गई।

मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि क्रान्ति दिवस मेला हमारी ऐतिहासिक विरासत और वीरता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिसमें इस प्रकार के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की जन्मभूमि होने के कारण इस क्षेत्र का विशेष महत्व है और यहां प्रतिवर्ष यह मेला आयोजित किया जाता है। राज्य सरकार द्वारा सैनिकों और उनके आश्रितों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि और उनके बच्चों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता शामिल है।

मंत्री ने बिनसर महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य में वहां धर्मशाला, शौचालय और सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे। साथ ही क्षेत्र में सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास की स्थापना कर निर्धन विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं और मेले में लगाए गए स्टॉलों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

मेले की सांस्कृतिक संध्या विशेष आकर्षण रही, जिसमें लोक गायक दर्शन फर्स्वाण और उनकी टीम ने लोकगीतों व देशभक्ति प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं शैलजा सांस्कृतिक समिति ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *