रुड़की

भीषण गर्मी के चलते स्कूल समय बदलने की मांग, शिक्षक संगठन ने सौंपा ज्ञापन

रुड़की/हरिद्वार।जनपद हरिद्वार में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन ने विद्यालयों के समय में परिवर्तन की मांग उठाई है। इस संबंध में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश हल्दियानी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।

संगठन के जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा एवं जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान ने संयुक्त वक्तव्य जारी करते हुए कहा कि जनपद हरिद्वार सहित प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा भी हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है, जिससे छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राएं सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच विद्यालय पहुंचने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य, एकाग्रता और उपस्थिति पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पदाधिकारियों ने यह भी बताया कि पड़ोसी जनपदों में विद्यालयों का समय बदलकर प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक कर दिया गया है, जिससे छात्रों को राहत मिल रही है। उन्होंने हरिद्वार में भी इसी प्रकार का समय निर्धारित करने की मांग की।

संयुक्त वक्तव्य में कहा गया कि वर्तमान समय सारिणी के कारण बच्चों को दोपहर की भीषण गर्मी में घर लौटना पड़ता है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक का समय व्यावहारिक और जनहित में उपयुक्त रहेगा।

संगठन ने यह भी मांग की कि इस संशोधित समय-सारिणी को भविष्य के लिए भी स्थायी रूप से लागू करने हेतु प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जाए।

अंत में संगठन पदाधिकारियों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी से छात्र हित में शीघ्र निर्णय लेते हुए विद्यालय समय परिवर्तन के आदेश जारी करने की अपेक्षा जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *