पौड़ी

सीएमओ ने थलीसैंण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा, संस्थागत प्रसव पर दिया जोर

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने विकासखंड थलीसैंण के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिपालीसैंण में आयोजित जागरूकता शिविर में सीएमओ ने गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल में डिलीवरी कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने गृह आधारित प्रसवों की संख्या शून्य करने के लक्ष्य को दोहराया और मातृ-शिशु सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

इस दौरान 23 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। सीएमओ ने महिलाओं को एनीमिया से बचाव हेतु संतुलित आहार लेने, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों का नियमित सेवन करने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने त्रिपालीसैंण में निर्माणाधीन पीएचसी टाइप-बी भवन का भी जायजा लिया और कार्यदायी संस्था को 30 अप्रैल तक निर्माण कार्य पूर्ण कर भवन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रसव केंद्र स्थापित होने से गृह प्रसव में कमी आएगी और महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके पश्चात सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाकीसैंण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी के प्रसव कक्षों का निरीक्षण कर वहां आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. खुशबू खत्री, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता रावत, चिकित्साधिकारी डॉ. अंकित धवन, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रविकांत उनियाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *