पौड़ी

कोटद्वार में सड़क व सेतु नेटवर्क मजबूत, 3 परियोजनाएं पूर्ण

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को धरातल पर उतारते हुए कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में सड़क और सेतु विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और बड़ी आबादी को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।

लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा द्वारा चिल्लरखाल–सिगड्डी–कोटद्वार–पाखरौ मोटर मार्ग के 12 किलोमीटर हिस्से का ₹1825.35 लाख की लागत से सुदृढ़ीकरण किया गया है। यह मार्ग सिगड्डी औद्योगिक क्षेत्र सहित किशनपुर, झण्डीचौड़, हल्दूखाता, मोटाढांग और दुर्गापुरी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों को कोटद्वार से जोड़ता है। साथ ही, कोटद्वार-नजीबाबाद मार्ग बाधित होने पर यह हरिद्वार के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी उपयोगी साबित होगा। इस कार्य से लगभग 80 हजार लोगों को लाभ मिला है।

हल्दूखाता-सिगड्डी मार्ग पर तेलीस्रोत में 30 मीटर स्पान का आरसीसी सेतु और कल्वर्ट ₹236.31 लाख की लागत से निर्मित किया गया है। इससे औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर हुआ है और लगभग 80 हजार लोगों को वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिली है।

वहीं, विकासखंड दुगड्डा के लालपानी–सनेह मार्ग पर चार स्थानों पर पुलियों का निर्माण ₹369.60 लाख की लागत से पूरा किया गया है। पहले वर्षा के दौरान जलभराव से आवागमन प्रभावित होता था और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था, लेकिन अब यह मार्ग सुरक्षित हो गया है। इस कार्य से लालपानी, बिशनपुर, कुम्भीचौड़ और ग्रास्टनगंज सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिल रहा है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अनुसार, इन विकास कार्यों से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *