गढ़वाल संवाद यात्रा 12 अप्रैल को दुगड्डा पहुंचेगी, स्वागत की तैयारियां तेज
दुगड्डा/पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) द्वारा आयोजित “गढ़वाल संवाद यात्रा” 12 अप्रैल को दोपहर 1 बजे दुगड्डा मार्केट पहुंचेगी। इस दौरान युवा उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी एवं उपाध्यक्ष कुलदीप रावत कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।

युवा उक्रांद, यमकेश्वर विधानसभा के अध्यक्ष राहुल रावत ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनता द्वारा यात्रा में शामिल सदस्यों का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा ही समाज में परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी ताकत है और उन्हें आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
राहुल रावत ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्षों बाद भी स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिसके कारण लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक पर भी चिंता जताते हुए बताया कि हाल ही में द्वारीखाल ब्लॉक के च्वरा गांव में एक महिला पर भालू ने हमला किया, जिनका उपचार AIIMS ऋषिकेश में चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दलों की नीतियों के कारण राज्य की स्थिति प्रभावित हुई है और उक्रांद ही प्रदेश के हितों की रक्षा करने वाला विकल्प है।
कार्यक्रम आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर “गढ़वाल संवाद यात्रा” को सफल बनाने की अपील की है।
