पौड़ी

कोटद्वार में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण, नागरिकों को मिली बड़ी सुविधा

अब पासपोर्ट सेवाओं के लिए देहरादून नहीं जाना होगा, स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। कोटद्वार तहसील परिसर में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय एवं भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर 12 आवेदकों के पासपोर्ट तैयार कर मुख्य अतिथि द्वारा वितरित किए गए। अपने संबोधन में मंत्री पबित्रा मार्घेरिटा ने गढ़वाली भाषा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य विदेश संबंधी सेवाओं को सरल और सुलभ बनाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में देशभर में 453 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित हैं।

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस केंद्र के खुलने से क्षेत्र के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कण्वाश्रम के विकास, चिल्लरखाल–लालढांग मोटर मार्ग, कंडी मार्ग के विस्तार, वंदे भारत रेल सेवा और सुरंग निर्माण जैसी परियोजनाओं की जानकारी दी।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कोटद्वार क्षेत्र के लिए पीजीआई स्तर के अस्पताल की स्थापना, रेलवे स्टेशन का नाम “कण्वनगरी स्टेशन” करने तथा नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह रावत, राजकुमार पोरी, महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री ऋषि कंडवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *