“अफसर बिटिया” कार्यक्रम में बालिकाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा व करियर की जानकारी
कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना दुगड्डा द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, कोटद्वार में “अफसर बिटिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी वर्षा भारद्वाज ने की।

कार्यक्रम में डॉ. योगिता कोठियाल ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं बेहतर करियर विकल्पों की जानकारी दी। वहीं पुलिस विभाग की एंटी ट्रैफिकिंग यूनिट से उप निरीक्षक सुमनलता ने सुरक्षा, नशे से दूर रहने और अंजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया। हेड कांस्टेबल विमला नेगी ने साइबर क्राइम से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश चंद्र बिडालिया ने पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी दी, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संदीप बिष्ट ने बालिकाओं को उनके विधिक अधिकारों और अपराधों के प्रति जागरूक किया।
सीडीपीओ नेहा बेलवाल ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बालिका शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया और करियर काउंसलिंग के माध्यम से मार्गदर्शन किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने भी बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए भविष्य के करियर विकल्पों पर उपयोगी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान “मेरे सपनों की उड़ान” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता ध्यानी ने छात्राओं को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया और विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन सुपरवाइजर शिवाली द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
