पौड़ी

गेहूं क्रॉप कटिंग में 30 वर्ग मीटर में 4.6 किलो उत्पादन दर्ज

उत्पादन आंकड़ों के आधार पर तय होगी बीमा व क्षतिपूर्ति : मुख्य विकास अधिकारी

पौड़ी गढ़वाल। जिले में फसलों की औसत उपज के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए चल रहे क्रॉप कटिंग प्रयोगों के तहत मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने तहसील पौड़ी के ग्राम पंचायत बौंसरी में गेहूं की फसल पर किए जा रहे प्रयोग का जायजा लिया।

राजस्व विभाग द्वारा कृषक हमिल सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया, जिसमें 4 किलो 600 ग्राम गेहूं उत्पादन दर्ज किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर खेत का नक्शा, खसरा और संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा किसानों से बोए गए बीज की जानकारी भी ली।

उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज और कुल उत्पादन का आकलन किया जाता है। यही आंकड़े फसल बीमा और क्षतिपूर्ति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इन प्रयोगों का निष्पादन पारदर्शिता और सटीकता के साथ किया जाना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि सब्जी उत्पादन और पॉलीहाउस स्थापित करने के इच्छुक किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिया जाए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान दिगंबर सिंह, फसल बीमा जिला समन्वयक राजेश शर्मा, राजस्व उप निरीक्षक अरुण कुमार, पटवारी कुलदीप सिंह सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *