कूड़े के ढेर से ‘वेस्ट टू वंडर’ पार्क बना, श्रीनगर में बदली तस्वीर
रजत जयंती पार्क बना नया आकर्षण, लोगों की बढ़ी आवाजाही
श्रीनगर/पौड़ी गढ़वाल। नर्सरी रोड स्थित पुराने रैन बसेरे के पास वर्षों से फैले कूड़े के ढेर को हटाकर अब ‘रजत जयंती पार्क’ के रूप में विकसित कर दिया गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों और नगर निगम श्रीनगर के प्रयासों से साकार इस पहल ने पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है।

जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद इस कार्य की शुरुआत की गई। गंदगी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल कूड़ा हटाने और ‘वेस्ट टू वंडर’ थीम पर स्थल के पुनर्विकास के निर्देश दिए। नगर निगम ने अभियान चलाकर लगभग 18 हजार टन कूड़ा हटाया और उसे गिरीगांव स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में शिफ्ट किया।
कूड़ा हटने के बाद खाली भूमि को समतल कर योजनाबद्ध तरीके से पार्क का निर्माण किया गया। पार्क में बच्चों के लिए झूले, टहलने के लिए पाथवे, बैठने के लिए बेंच, स्ट्रीट लाइट और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। हरियाली और स्वच्छ वातावरण के चलते यह स्थान अब शहरवासियों के लिए पसंदीदा बनता जा रहा है।
जहां पहले लोग इस स्थान के पास जाने से भी कतराते थे, वहीं अब सुबह-शाम यहां लोगों की भीड़ देखी जा रही है। स्थानीय लोग टहलने के साथ-साथ परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी यहां पहुंच रहे हैं।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम ने इस चुनौतीपूर्ण स्थान को एक उपयोगी सार्वजनिक स्थल में बदलकर नई मिसाल पेश की है। वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ संसाधनों के पुनः उपयोग का भी संदेश देती है।
इस कार्य में उपजिलाधिकारी श्रीनगर के समन्वय और निगरानी की भी अहम भूमिका रही, जिससे योजना को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया जा सका।
