श्रीनगर में सफाई कर्मियों के हितों पर मंथन, आयोग उपाध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश
पौड़ी गढ़वाल/श्रीनगर। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) भगवत प्रसाद मकवाना ने श्रीकोट स्थित श्रीनगर मेडिकल कॉलेज सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और उनके हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सफाई कर्मियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं—आयुष्मान कार्ड, बीमा योजनाएं, स्वरोजगार एवं शैक्षिक ऋण—की समुचित जानकारी दी जाए, ताकि वे इनका अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन से जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से वर्दी, सुरक्षा उपकरण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही प्रत्येक तीन माह में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सफाई कर्मियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश दिया जाए तथा समय पर पूर्ण वेतन उपलब्ध कराया जाए। जिन कर्मचारियों के आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड अब तक नहीं बने हैं, उनके कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
सीवरेज कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपाध्यक्ष ने समाज कल्याण विभाग को वाल्मीकि एवं मलिन बस्तियों में नियमित विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। वहीं बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, नगर निकायों को आवास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने तथा तहसील प्रशासन को पात्र व्यक्तियों के जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने के लिए शिविर आयोजित करने को कहा गया। जल संस्थान एवं जल निगम को इन बस्तियों में पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को जनपद के सभी अस्पतालों में कार्यरत सफाई कर्मियों का अद्यतन विवरण एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि ‘नमस्ते’ योजना जैसी पहल से सफाई कर्मियों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, वित्त अधिकारी प्रशांत शर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी, सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, ईओ पौड़ी संजय कुमार, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली सहित अन्य अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
